अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। नेशनल लेवल मॉनिटरिंग टीम जिला की 20 पंचायतों में विकास कार्यों का निरीक्षण करेगी। यह टीम पांच फरवरी को जिला हमीरपुर पहुंच जाएगी। टीम विभिन्न योजनाओं के लिए सरकार द्वारा पंचायतों को दी गई धनराशि से हुए विकास कार्यों का निरीक्षण करेगी। टीम द्वारा सरकार की विभिन्न दस योजनाओं के बारे में पंचायतों में निरीक्षण किया जाएगा। इन योजनाओं में एनआरएलएम, मनरेगा, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्या योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, एनएसएपी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सांसद आदर्श ग्राम योजना, वाटर शेड, डीआईएलआरएमपी आदि योजनाओं के तहत हुए विकास कार्यों का निरीक्षण टीम द्वारा किया जाएगा।
ग्रामीण विकास विभाग की यह टीम जिला के चार विकास खंडों की 20 पंचायतों का दौरा करेगी। इस दौरे के दौरान पंचायतों में बजट के खर्च और उस बजट से हुए कार्यों का निरीक्षण करेगी। इसके लिए जिला ग्रामीण विभाग कार्यालय में पंचायत सचिवों, एसईबीपीओ और बीडीओ को बैठक में दिशा निर्देश दे दिए हैं। जिला के चार विकास खंडों बिझड़ी, नादौन, भोरंज और बमसन की पंचायतों की मॉनिटरिंग टीम द्वारा की जाएगी। इनमें विकास खंड बमसन की ग्राम पंचायत धरोग, भोरंज की बाहन्वी, भुक्कड़, गरसाहड़, जाहू, कड़होता, साहन्वी, उखली, बिझड़ी की भैल, कयाराबाग, लोहडर, महारल, पाहलू, पथल्यार, सकरोह, नादौन की भूंपल, गड़ी, जलाड़ी, पुतडिय़ाल और मैड़ शामिल हैं। इन पंचायतों में इस टीम द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा।
इस संदर्भ में पीओ डीआरडीए संजीत ठाकुर का कहना है कि पांच फरवरी को एनएलएम की टीम हमीरपुर पहुंच जाएगी। टीम द्वारा जिला की 20 पंचायतों के विकास कार्यों क निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को पंचायत सचिवों, एसईबीपीओ और बीडीओ की बैठक कर उचित दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।