चुनावी मुद्दा..
तीन वर्ष पहले बना ग्रामीण हाट किसानों के किसी काम का नहीं
वर्ष 2010 में तत्कालीन आईपीएच मंत्री रविंद्र रवि ने मैहरे में किया था भवन का शिलान्यास
पंद्रह लाख रुपये से बने भवन का नहीं किया लोकार्पण, डेढ़ दर्जन पंचायतों के किसानों को मिलना था लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल के मैहरे कस्बा में किसानों की सुविधा को बनाया गया किसान ग्रामीण हाट तीन सालों से शोपीस बना हुआ है। तीन साल पहले बना यह ग्रामीण हाट किसानों के किसी काम का नहीं है। विश्रामगृह मैहरे के पास बना ग्रामीण हट किसानों को सब्जियां बेचने के लिए स्थल बनाया गया था। क्षेत्र की डेढ़ दर्जन पंचायतों के किसानों को इसकी सुविधा का लाभ मिलना था, लेकिन तीन सालों से बनकर तैयार हुए किसान ग्रामीण हाट भवन का उद्घाटन नहीं होने से किसान इस भवन का लाभ लेने से वंचित हैं। 12 नवंबर 2010 को तत्कालीन सिंचाई मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने तत्कालीन विधायक बलदेव शर्मा की अध्यक्षता में भवन का शिलान्यास किया था।
उस समय दो सालों में भवन का निर्माण कार्य पूरा कर जनता को सर्मपित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सात सालों में भवन जनता को समर्पित नहीं हो पाया है। क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक स्थल मिलना था। इससे बड़सर, बणी, बल्याह, भकरेड़ी, ज्योली देवी, जौड़े अंब, दांदड़ू, टिक्कर राजपूतां, कड़साई, कनोह, ननावां, कलौहण,ग्यारह ग्रां व झंझयाणी सहित लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक पंचायतों के सौ अधिक गांवों के किसानों इस सुविधा का लाभ मिलना था। क्षेत्र के किसानों संजय कुमार, विनोद कुमार, अरुण कुमार, सुरेश कुमार ने बताया कि खेतों में सब्जियां को बेचने के लिए एक स्थान मुहैया हो जाना था। यहां किसान स्टॉल लगाकर अपनी सब्जियां बेच सकते हैं। लेकिन नेताओं ने उन्हें सुविधा मुहैया करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई तथा लाखों खर्च करने के बाद भी किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। ब्लॉक बिझड़ी में बीडीओ बलिंद्र जसवाल का कहना है कि ग्रामीण हट बनकर तैयार हो चुका है तथा इसकी सूचना सरकार व उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। चुनावों के उपरांत ही इसे किसानों का सौंपा जा सकता है।
क्या कहते हैं नेता..
सीपीएस एवं विधायक बड़सर इंद्रदत्त लखनपाल का कहना है कि भाजपा ने जल्दबाजी में किसान ग्रामीण हाट का निर्माण करवा दिया, लेकिन किसानों की सुविधा का ध्यान नहीं रखा। ग्रामीण हाट बाजार से बाहर होने के कारण लोग वहां सब्जियां खरीदने नहीं जा पाएंगे। किसानों की सुविधा के लिए चुनावों के बाद भवन का लोकार्पण कर दिया जाएगा।
पूर्व विधायक बलदेव शर्मा का कहना है कि इस किसान हाट में किसानों को उचित दाम में सब्जियां बेचने का विकल्प मिल जाना था। जिससे किसान अपनी उपज का उचित लाभ कमा सकते हैं। भाजपा सरकार बनने पर किसानों को बेहतर सुविधा मुहैया करवाई जाएंगी।