ग्राम पंचायत कड़ोहता में किसानों को फसल बीमा योजना के दस्तावेज देते हुए कृषि उपनिदेशक। स्रोत :
हमीरपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य पर ग्राम पंचायत कड़ोहता में मेरी पॉलिसी मेरे हाथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि उपनिदेशक डॉ. शशिपाल अत्री ने किसानों को फसल बीमा पॉलिसी के दस्तावेज वितरित किए।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष खरीफ सीजन में जिला हमीरपुर में 18,467 किसानों ने मक्की और धान की फसल का बीमा करवाया है। इस अभियान के दौरान पंचायत और ग्राम स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करके इस योजना के तहत नामांकित किसानों को बीमा पॉलिसी के दस्तावेज प्रदान किए जाएंगे। योजना के तहत किसान सरकार द्वारा अधिसूचित खरीफ और रबी सीजन की फसलों का बीमा करवा सकते हैं।
योजना के अंर्तगत सभी ऋणी किसानों की फसलों को संबंधित बैंकों या वित्तीय संस्थाओं द्वारा स्वतः ही बीमित कर दिया जाता है, जबकि अन्य किसान अपना फोटो पहचान पत्र, आधार कार्ड और अपनी भूमि के कागजात सहित बीमा कंपनी या नजदीकी लोक मित्र केंद्र, बैंक या ऑनलाइन माध्यम से फसलों का बीमा करवा सकते हैं। किसी भी प्रकार के परामर्श के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।