हमीरपुर। जिले के 14 सरकारी स्कूलों का बारहवीं क्लास का बोर्ड परीक्षा परिणाम 50 फीसदी से कम रहा है। बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 71 फीसदी रहा है। पिछले साल जिले के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों का परीक्षा परिणाम 63.89 फीसदी रहा था लेकिन, इस बार यह परीक्षा परिणाम 7 फीसदी वृद्धि के साथ 71 फीसदी तक पहुंच गया है। जिले में 94 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हैं।
शिक्षा का हब कहे जाने वाले जिला हमीरपुर में पिछले साल के मुकाबले इस बार बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम अच्छा रहा है। जिले में ऐसा कोई भी स्कूल नहीं जिसका परीक्षा परिणाम 25 फीसदी से कम हो, लेकिन 14 स्कूल ऐसे हैं जिनका परीक्षा परिणाम 50 फीसदी से कम रहा है। जिले के हर ब्लॉक से दो से तीन स्कूल इसमें शामिल हैं। परीक्षा परिणाम कम रहने के क्या कारण है, इस बारे में पता लगाया जा रहा है। इस संबंध में उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर जसवंत सिंह ने कहा कि इस बार बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है। बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।