सुजानपुर (हमीरपुर)। रूस की सीमा पर शिप ब्लास्ट में मारे गए सुजानपुर के युवक विशाल ठाकुर का शव रविवार को पैतृक गांव भलेठ पहुंचाया गया। रविवार दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रविवार दोपहर बाद करीब दो बजे जैसे ही युवक का शव घर पहुंचा तो घर में माहौल चीख-पुकार से गूंज उठा। शव का इंतजार कर रहे परिजन अपने लाडले बेटे का शव घर पर आता देख सुध-बुध खोकर उससे लिपट गए।
सुजानपुर के विशाल ठाकुर की 21 जनवरी को रूस की सीमा पर शिप ब्लास्ट में मौत हो गई थी। इसके बाद दूरभाष पर सूचना परिजनों को मिली और पूरे परिवार के साथ उपमंडल सुजानपुर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन लगातार शव प्राप्ति को लेकर कंपनी के साथ संपर्क में रहे। करीब 2 सप्ताह बीत जाने के बाद रविवार को मृतक का शव घर पहुंचाया गया। इससे पहले परिजन शनिवार को शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए थे। विशाल ठाकुर के निधन पर विधायक राजेंद्र राणा, उपमंडल अधिकारी शिव देव सिंह, तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया ने दुख व्यक्त किया है। उधर, सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने मृतक के घर पर पहुंच कर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।