हमीरपुर। डा. राधा कृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मुख्य गेट के सामने निकासी नाली के ब्लॉक होने से गंदा पानी सड़क से बहते हुए कॉलेज परिसर में घुस गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निकासी नाली का गंदा पानी अस्पताल परिसर के अंदर घुसने से बदबू और गंदगी से लोग परेशान हुए। सड़क और अस्पताल के मुख्य गेट पर कीचड़ का आलम बन गया। अस्पताल की ओर जाने वाले लोगों को पैदल चलना मुश्किल हो गया। वहीं बदबू के कारण लोगों को रास्ते से मुंह पर रुमाल रखकर गुजरना पड़ा।
लोगों में बलवीर, पुष्पा, कमला देवी, बक्शी राम, पंकज, अंकुश, उर्मिला देवी, अनिल कुमार, अशोक कुमार, राजकुमारी आदि ने कहा कि गंदे पानी की बदबू के कारण रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया। अस्पताल में सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है। सड़क पर कीचड़ होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतें पेश आईं। उन्होंने नगर परिषद से नाली की सफाई करवाने की मांग उठाई है। इस संबंध में नगर परिषद हमीरपुर के ईओ विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि नालियों की रोजाना सफाई करवाई जाती है। सफाई कर्मचारियों को कहकर इसे साफ करवाया जाएगा।