दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। पुलिस चौकी दियोटसिद्ध के तहत लावारिस मवेशी सड़क पर गुजर रही महिला पर हमला करने के लिए अचानक दौड़ पड़े। जान बचाने को दौड़ी महिला सिर के बल सड़क पर गिर गई। जिससे उसकी अस्पताल पहुंचाने से पहले ही मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान निर्मला देवी (53) पत्नी कमल देव निवासी गांव धवीरी तहसील बिझड़ी जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपमंडल बड़सर की निर्मला देवी (53) पत्नी कमल देव निवासी गांव धवीरी तहसील बिझड़ी मंगलवार सुबह घास लाने के लिए खेतों में जा रही थी। इस दौरान कुछ लावारिस पशु महिला की तरफ दौड़े। पशुओं के हमले से घबराई महिला जब जान बचाने के लिए भागने लगी तो उसका पैर फिसल गया और वह सड़क पर गिर गई। सड़क पर गिरने के कारण उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और परिजनों और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं मृतक महिला का हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रारंभिक कारणों में महिला के सिर पर गहरी चोट के कारण मौत होना बताया गया। पुलिस चौकी दियोटसिद्ध प्रभारी राजेंद्र कुमार का कहना है कि महिला खेतों में घास लाने जा रही थी। लावारिस पशु उसके पीछे हमले के लिए दौड़े, जिससे घबराकर वह भी भागने लगी और पैर फिसलने के कारण सड़क पर गिर गई। जिस कारण उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।