नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे के साथ लगते बेला गांव में एसडीएम कालोनी को जाने वाले संपर्क मार्ग किनारे पहाड़ी की बेतरतीब खुदाई किए जाने से बरसात के मौसम में गाद लोगों के घरों और गलियों में घुस रही है। इससे लोगों का रहना और गलियों से आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। आसपास के लोगों प्रकाश चौधरी, रमेश शर्मा, विक्रांत कपिल, शशि वाला, सोमा देवी, अंजू, किरन, निर्मला, संदीप, विपिन, पुरुषोतम, सवर्ण, राजेंद्र, सुमन, नीलम, शीला, कमला देवी, मीरा कुमारी, श्यामा, रीता आदि ने बताया कि टिल्लू पहाड़ी की इस प्रकार खुदाई की गई है कि अब पानी के साथ गाद, पत्थर आदि उनके घरों तक पहुंच जाते हैं।
जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व ही सड़क को पक्का किया गया था, लेकिन गाद के कारण अब सड़क और यहां की गलियां दिखाई ही नहीं देतीं। चारों ओर गाद और मलबा ही बिखरा पड़ा है। यह मिट्टी सीडीपीओ कार्यालय और लोकमित्र केंद्र तक फैल जाती है। इस कारण निकासी नालियां भी अवरुद्ध हो गई हैं। पंचायत प्रधान किशोरी लाल ने बताया कि इस समस्या को लेकर एसडीएम के अलावा विभाग को भी कई बार शिकायत की गई है लेकिन, समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। एसडीएम नादौन दिलेराम धीमान ने कहा कि समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।