जाहू पंचायत में गहराया पेयजल संकट
चार वार्डों में पानी न आने से सूखे पड़े नल
लोगों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
अमर उजाला ब्यूरो
जाहू (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत जाहू के नौ वार्डों में से चार वार्डों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। मेवा बमसन लगवालती पेयजल योजना से पानी न आने से नल कई दिनों से सूखे पड़े हैं। पंचायत द्वारा सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को समस्या से अवगत करवाने के बाद भी समस्या का कोई हल नहीं हो रहा है। कुओं, बावड़ियों, हैंडपंपों और दोनों पेयजल योजनाओं का जलस्तर काफी नीचे गिर गया है। पंचायत प्रधान राजू ने कहा कि पंचायत की दोनों पेयजल योजनाएं सूखने के कगार पर हैं। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने कांगुघट्टी में करीब पौने दो लाख से एक ओवरहेड टैंक का निर्माण मेवा बमसन लगवालती पेयजल योजना के पानी को डालने के लिए किया है लेकिन पानी की सप्लाई न आने से पंचायत के वार्ड नंबर चार, पांच, छह और सात के नल सूखे पड़े हैं। हैंडपंपों का पानी भी पीने योग्य नहीं रहा है। पंचायत ने पानी की समस्या से भोरंज एसडीएम को लिखित रूप से अवगत करवाकर पानी के टैंकर लगाने की मांग की थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई है कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए। इस संबंध में आईपीएच विभाग मंडल बड़सर के अधिशासी अभियंता जितेंद्र गर्ग का कहना है कि जाहू में मेवा बमसन लगवालती पेयजल योजना का पानी आ रहा है। ऐसे में टैंकर नहीं लगाया जा सकता है। योजना का पानी न आने की जांच भोरंज उपमंडल के अधिकारी करेंगे।