हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर का निर्माण कार्य इस साल अक्तूबर माह तक पूरा हो जाएगा। विवि के नवनियुक्त कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने दडूही में बनने वाले तकनीकी विवि भवन के निर्माण कार्यों का मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। उनके साथ तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं डीन ऑफ अकादमिक डॉ. एनएन शर्मा सभी मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. बंसल ने ठेकेदार को अक्तूबर माह के अंत तक निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। प्रो. बंसल का कहना है कि नवंबर माह तक तकनीकी विवि के प्रशासनिक कार्यालय को दडूही में शिफ्ट करने की योजना है। इसके साथ ही दडूही अकादमिक भवन में कॉलेज कक्षाएं भी शुरू करवाई जाएंगी। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने वर्ष 2010 में हमीरपुर जिला के लिए प्रदेश तकनीकी विवि को स्वीकृत करवाया है। स्वीकृति के साथ विवि को पांच करोड़ रुपये की ग्रांट भी मुहैया करवाई गई, जिसे विवि ने लोन के तौर पर लौटा दिया है। वर्तमान में दडूही में 66 करोड़ की लागत से प्रशासनिक और अकादमिक खंडों का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। इस समय तकनीकी विवि को एसडीएम के पुराने कार्यालय में चलाया जा रहा है। भवन की क्षमता कम होने के चलते विवि के अधिकारियों को कई तरह की दिक्कतें पेश आ रही हैं। उधर, डॉ. एनएन शर्मा ने कहा कि विवि के कुलपति प्रो. बंसल ने दडूही में विवि के भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।