हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के भाजपा विधायक एडवोकेट नरेंद्र ठाकुर के कार्यालय में मंगलवार दोपहर को बिजली के शार्ट सर्किट के कारण आग भड़क गई। इस आग में उनके कार्यालय में रखी विभिन्न मुकदमों की रखी करीब 800 फाइलें, बिजली का मीटर, लकड़ी का रैक, खिड़कियां और दरवाजे की चौखट जलकर राख हो गई। इस आग से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
मृदुल चौक हमीरपुर स्थित विधायक नरेंद्र ठाकुर का अधिवक्ता कार्यालय है। इस कार्यालय में उनके अलावा उनके सहयोगी अधिवक्ता मौजूद होते हैं। हालांकि ज्यादातर समय में विधायक के सहयोगी अधिवक्ता ही कार्यालय में होते हैं। कार्यालय में मंगलवार दोपहर करीब सवा बारह बजे अचानक आग भड़क गई। अधिवक्ता नवीन पटियाल का कहना है कि यह आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी क्योंकि आग बिजली मीटर से लगना शुरू हुई। दमकल विभाग ने सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है। इस संबंध में स्टेशन फायर ऑफिसर राजेंद्र चौधरी का कहना है कि सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों सहित मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। उन्होंने कहा कि इस आग में अनुमानित 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।