मझोट से शराब ठेका हटाने के निर्देश
हमीरपुर। ग्राम पंचायत स्वाहल के गांव मझोट में शराब ठेका खोलने के विरोध के चलते बुधवार को एसएचओ हमीरपुर डॉ. आकृति और तहसीलदार मित्रदेव ने गांव का दौरा किया। इस दौरान गांव की महिलाओं ने गांव में ठेका न खोलने की मांग की। इस पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने गांव से ठेके को हटाने के निर्देश दिए हैं। गांव की महिलाएं करीब 15 दिनों से इस ठेके का विरोध कर रही हैं। अब प्रशासन ने ठेका न खोलने के निर्देश दे दिए हैं। महिलाओं ने कहा कि मझोट में ठेका खुलने सेे कॉलेज और स्कूल जाने वाले छात्रों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। इसके पूर्व भी शराब का ठेका गांव में खोला गया था। उस दौरान भी शराबी रात भर गांव में हुड़दंग मचाते थे। अब दोबारा ठेका खुलने से स्थिति वैसी ही हो जाएगी। इसके बारे महिलाओं ने जिप सदस्य ईशा कुमारी की अगुवाई में उपायुक्त हमीरपुर को भी ज्ञापन सौंपा है। तहसीलदार मित्रदेव का कहना है कि गांव से ठेका हटाने के निर्देश दे दिए गए हैं।