बड़सर(हमीरपुर)। विकास खंड के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत कठियाणा के पूर्व प्रधान ने पंचायत पर नाली निर्माण में मनरेगा राशि के दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। पूर्व प्रधान रक्षा पठानिया ने बीडीओ बिझड़ी को शिकायत कर आरोप लगाया कि पंचायत ने गांव के रास्ते के साथ लगती नाली का निर्माण सवा साल के भीतर दो बार कर दिया है। जो सरासर मनरेगा की राशि का दुरुपयोग है। उन्होंने इसकी जांच करने तथा कार्रवाई करने की मांग की है।
पूर्व प्रधान का कहना है कि उन्होंने 2015-16 में कठियाणा गांव के रास्ते के साथ लगती नाली का निर्माण करवाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत प्रधान व सचिव ने मिलीभगत से इसी नाली पर लीपापोती करके 50 हजार रुपये खर्च कर दिए हैं। नाली की स्थिति बिल्कुल सही थी तथा इसकी मरम्मत की आवश्यकता नहीं थी। पंचायत ने मामूली सी लीपापोती कर 50 हजार रुपये का खर्चा बता दिया है। पूर्व पंचायत प्रधान ने इस कार्य की जांच करने के मांग की है। उधर, बीडीओ बिझड़ी बलिंद्र जसवाल का कहना है कि पूर्व प्रधान की शिकायत पर उन्होंने सबंधित जेई को जांच करने के निर्देश दिए हैं। जेई की रिपोर्ट आने के उपरांत आगामी कार्रवाई की जा सकती है।