बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्घ के लिए नाच गाकर जाते श्रद्घालु।
बिझड़ी(हमीरपुर)। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार के चलते श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। रविवार को बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में 18,000 के करीब श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शीश नवाया। सुबह सवेरे ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए। वहीं बैरियर नंबर दो में लंबा जाम लगा रहता है। बैरियर नंबर दो से आगे मंदिर परिसर तक गाड़ी ले जाने के लिए परमिट की जरूरत होती है। वहीं कुछ श्रद्धालु बिना परमिट के ही गाड़ियों को ऊपर ले जाने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ उलझते दिखे।
बाबा बालकनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन के लिए बड़े-बड़े संघों में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। मेला खत्म हुए करीब 25 दिन हो गए हैं लेकिन इसके बावजूद भी रविवार और शनिवार को काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस संदर्भ में एसडीएम बड़सर रोहित शर्मा ने कहा कि रविवार के दिन काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं एसएचओ प्रवीण राणा ने कहा कि जाम न लगे इसके लिए शनिवार और रविवार को अतिरिक्त पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाती है इससे श्रद्धालु जाम में न फंसे।