ग्राम पंचायत चमनेड़ के वार्ड पांच में जलकर राख हुई गेहूं।
हमीरपुर। ग्राम पंचायत चमनेड़ के वार्ड नंबर पांच के गांव बडोल में रविवार को अज्ञात लोगों ने गेहूं की फसल में आग लगा दी। गेहूं की फसल को शनिवार रात को ही संबंधित परिवार ने थ्रेसिंग के लिए एकत्रित कर रखा था। संबंधित परिवार द्वारा शनिवार रात बारिश की संभावनाओं के मद्देनजर गेहूं को एकत्रित कर तिरपाल से ढका गया था। रात के समय ही किसी ने गेहूं के ढेर में आग लगा दी। पारिवारिक सदस्यों ने रविवार सुबह जब खेतों में जाकर देखा तो होश उड़ गए। यहां रखी हुई सारी गेहूं राख के ढेर में तब्दील हो चुकी थी। इस कारण परिवार को हजारों का नुकसान हुआ। बडोल गांव के निवासी धर्म सिंह ने कहा कि शनिवार के समय पारिवारिक सदस्यों ने मिलकर गेहूं की फसल को एकत्रित कर रखा था। एकत्रित की गई गेहूं की फसल की थ्रेसिंग की जानी थी लेकिन उससे पहले ही रात के समय अज्ञात लोगों ने इसे आग लगा दी। रविवार सुबह जब गेहूं की फसल को जाकर देखा तो वहां सिर्फ राख का ढेर लगा हुआ था। उन्होंने कहा कि आग लगाने वालों का पता नहीं चल पाया है लेकिन इस तरह का काम करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पहले खेतों की बीजाई पर हजारों रुपये का खर्च आ चुका है और अब पककर तैयार हुई गेहूं के जल जाने से और अधिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।