नादौन (हमीरपुर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड नादौन के सौजन्य से ‘बेटी है अनमोल’ जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को नादौन अस्पताल में खंडस्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता नगर पंचायत प्रधान रीना देवी ने की। इस दौरान उन्होंने एक और दो बेटियों के बाद परिवार नियोजन अपनाने वाले दंपतियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में खंड चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कौशल और खंड स्वास्थ्य शिक्षक राम प्रसाद शर्मा भी उपस्थित रहे। डॉ. अशोक ने कहा कि समाज में स्त्री-पुरुष अनुपात में कमी और कन्या भ्रूण हत्या चिंता के विषय हैं। इस दौर में भी बहुत से लोग बेटी के पैदा होने पर मातम मनाते हैं। जबकि, बेटा पैदा होने पर खुशियां मनाते हैं। अगर बेटियों को सही शिक्षा और अच्छा माहौल प्रदान किया जाए तो बेटियां किसी भी तरह से बेटों से कम नहीं होती हैं। कौशल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को भ्रूण के लिंग का पता लगाने, कन्या भ्रूण हत्या और गर्भधारण पूर्व लिंग चयन की बुराइयों को समाप्त करने के लिए आगे आना चाहिए।