सुजानपुर(हमीरपुर)। पंचायत समिति सुजानपुर की बैठक मंगलवार को विकास खंड कार्यालय में में हुई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत समिति अध्यक्ष सपना कुमारी ने की। बैठक में विशेष रूप से खंड विकास अधिकारी मनीष सोनी उपस्थित रहे। इसमें पंचायत समिति सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला परिषद सदस्य मौजूद रहे। इस मौके पर वर्ष 2017-18 के कार्य जो अभी तक पूरे नहीं हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान विकास खंड सुजानपुर की उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन पंचायतों को सम्मानित करने का प्रस्ताव रखा गया। इन पंचायतों का चयन स्वच्छता और अन्य कार्यों सहित 5 वर्षों में हुए सर्वाधिक विकास कार्यों के आधार पर किया जाएगा। पंचायतों का चयन ब्लॉक की एक कमेटी करेगी। इस अवसर पर सपना ने कहा कि इस तरह की पहल करने से जहां विकास कार्यों को गति मिलेगी, वहीं पंचायतों को चलाने वाले प्रधान, उपप्रधान और जनप्रतिनिधि को भी उचित मान-सम्मान प्राप्त होगा। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि सुजानपुर ब्लॉक की सभी पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और सचिव का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें खंड विकास अधिकारी, पंचायत समिति अध्यक्ष और पंचायत निरीक्षक भी शामिल होंगे। इस ग्रुप के बनाने से जहां जरूरी दिशा-निर्देश जारी करने के लिए सुविधा रहेगी। इसके साथ पंचायतों में आने वाली समस्याओं की जानकारी विभागीय उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रधान एवं सचिवों को निर्देश जारी किए जाएंगे कि वह अपनी-अपनी पंचायत में पंचायत समिति सदस्यों के नामों के बोर्ड लगाएं। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य गौरा देवी, पंचायत समिति उपाध्यक्ष प्रीतम चंद, पवन शामा, अनु कुमारी आदि उपस्थित रहे।