टौणी देवी (हमीरपुर)। तहसील टौणी देवी के ऊटपुर गांव के नायब सूबेदार सतीश कुमार का शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के अंतिम संस्कार कर दिया गया। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से सपूत को विदाई दी और सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। 40 वर्षीय नायब सूबेदार सतीश कुमार पुत्र स्वर्गीय सूबेदार मिलखी राम असम के तेजपुर में भारतीय सेना की 22 म्हार रेजिमेंट में कार्यरत थे।
कुछ दिन पहले उन्हें ड्यूटी के दौरान कुछ परेशानी हुई और बाद में पता चला कि इन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ है। उपचार के लिए उन्हें गुवाहाटी भी ले जाया गया था, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सतीश कुमार की पार्थिव देह वीरवार रात को उनके घर पहुंचाया गया। शुक्रवार सुबह स्थानीय श्मशानघाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। पार्थिव देह के साथ आई सेना की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सतीश कुमार अपने पीछे पत्नी के साथ, चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। सभी बेटियां अभी अविवाहित हैं और पुत्र सबसे छोटा है। इस दौरान स्थानीय प्रशासन की ओर से तहसीलदार टौणी देवी मीना ठाकुर और एसएचओ सुजानपुर उपस्थित रहे। क्षेत्र के काफी संख्या में लोगों ने सतीश कुमार को नम आंखों से विदाई दी।