हमीरपुर। बस किराये में बढ़ोतरी की शनिवार को जारी हुई अधिसूचना का जिले के लोगों ने विरोध जताया है। लोगों ने न्यूनतम किराया छह रुपये करने पर रोष व्यक्त किया। इनका कहना है कि सरकार को एक तो न्यूनतम किराये में बढ़ोतरी ही नहीं करनी चाहिए थी और अगर बढ़ोतरी कर भी दी तो उसे छह रुपये की बजाय पांच रुपये करना चाहिए था।
कई लोगों ने बस किराये में हुई वृद्धि को आम आदमी विरोधी बताया। लोगों ने कहा कि प्राइवेट नौकरी या दुकानों पर काम करने वाले लोग जो रोजाना किराया देकर अपने कार्यस्थल पर पहुंचते हैं, उनके वेतन में वृद्धि नहीं हुई जबकि उन्हें अब अधिक किराया देना होगा। आम आदमी को इस किराये में बढ़ोतरी से परेशानी होगी, क्योंकि आम आदमी ही अधिकतर बसों में सफर करते हैं। लोगों ने सरकार द्वारा जारी की गई अधिसूचना का विरोध जताया है।
क्या कहते हैं जिले के लोग-
छह रुपये न्यूनतम किराया गलत
दी उपभोक्ता संरक्षण संगठन हमीरपुर के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि वह न्यूनतम किराया छह रुपये करने का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि एक तो किराये में बढ़ोतरी होनी ही नहीं चाहिए थी और अगर हो तो न्यूनतम किराया पांच रुपये रखना चाहिए था। लोकल जाने वाले लोगों पर इसका भार पड़ेगा। बीमार और बुजुर्ग लोगों को पहले ही पैदल चलने में परेशानी होती है।
गरीब तबके को होगी दिक्कत
अजय कुमार का कहना है कि किराया बढ़ने से गरीब तबके पर मार पड़ेगी। बस किराया बढ़ने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी आम और गरीब आदमी को होगी। उन्होंने कहा कि पेट्रोल डीजल के दामों में कमी करके सरकार जारी की गई अधिसूचना को रद्द करके बस किराये में कमी करे।
बजट पर पड़ेगी खासी मार
संजीव कुमार का कहना है कि रोजाना बसों में आने जाने पर अब उनका अधिक किराया लगेगा। जिससे बजट पर भी मार पड़ेगी और खर्च अधिक होगा। पूरे माह का खर्च जितने रुपये में करते थे, अब उसमें से कुछ अतिरिक्त रुपये किराये में लगेंगे। जो गलत है।
प्राइवेट नौकरी वालों को मुश्किलें
उर्मिला देवी का कहना है कि वह प्राइवेट नौकरी करती हैं और रोजाना अपने कार्यस्थल पर बस से आती हैं। उन्होंने कहा कि नौकरी में कम वेतन मिलता है जिससे परिवार का पोषण मुश्किल है, अब किराया बढ़ने से मुश्किलें बढ़ेंगी। उन्होंने बस किराया कम करने की मांग की है।
बस रूट और किराया इस प्रकार है
हमीरपुर से दिल्ली पूर्व अब
साधारण बस 520 546
एयर कंडिशनर 878 918
वोल्वो 1124 1184
हमीरपुर-शिमला 223 277