नादौन(हमीरपुर)। राज्य में बेसहारा पशु रहित पंचायत को दस लाख रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने वीरवार को नादौन उपमंडल के भड़ोली भगौर में लक्ष्मी नारायण गोशाला में आयोजित श्री कृष्ण गोपाल मेले के दूसरे दिन बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश धार्मिक संस्थान तथा मंदिर न्यास अधिनियम में संशोधन पारित किया गया है। चढ़ावे का पंद्रह प्रतिशत गोसदनों के निर्माण, रखरखाव तथा परिचालन के लिए व्यय किया जाएगा। इससे लगभग सत्रह करोड़ रुपये प्रतिवर्ष गोवंश के विकास के लिए उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि गोवंश के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार कारगर कदम उठा रही है। उन्होंने गोशाला की छत की मरम्मत के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर भड़ोली भगौर गौसदन के संचालक सुखदेव शास्त्री, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, एसडीएम नादौन दिले राम धीमान, पंचायत समिति अध्यक्ष नादौन सुनील दत्त, पंचायत प्रधान पिपलू विपिन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।