हमीरपुर। बस स्टैंड के अंदर गए हमीरपुर कोर्ट के एक सरकारी वाहन को एचआरटीसी की बस ने बैक होते हुए टक्कर मार दी। हालांकि इस दौरान कार में चालक के अलावा अन्य कोई नहीं था। बस की टक्कर से जज की गाड़ी को नुकसान हुआ है। इस मौके पर केवल जज का ड्राइवर की गाड़ी में मौजूद था। टक्कर लगने के बाद ड्राइवर भड़क गया और संबंधित बस के चालक से गाड़ी की रिपेयर करने को कहने लगा। इतने में बस स्टैंड पर मौजूद एचआरटीसी के चालक और परिचालक बस स्टैंड के अंदर गाड़ी लाने पर भड़क गए और इकट्ठे होकर इसका विरोध करने लगे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उक्त चालकों और परिचालकों को शांत करवाया। इस घटना के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया और बस अड्डा के बाहर और अंदर करीब 15 मिनट तक जाम लगा रहा। इस जाम के कारण यात्रियों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। थोड़ी गहमागहमी के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इस संबंध में थाना प्रभारी सदर जगदीश चंद का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता होने के कारण मामला दर्ज नहीं हुआ है।