बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर की पैहरवीं वन बीट में अवैध कटान के मामले में वन विभाग ने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। वन विभाग ने एक सप्ताह के भीतर ठेकेदार से स्पष्टीकरण मांगा है। बीस दिन पहले बिझड़ी रेंज के तहत पड़ती पैहरवीं वन बीट से ठेकेदार ने बिना अनुमति से 45 खैर के पेड़ काट लिए थे। ठेकेदार ने विभाग से केवल पुंदड़ वन बीट से खैर के पेड़ों को काटने की अनुमति ली थी। उस दौरान डीएफओ हमीरपुर ने टीम सहित पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया था। जहां मौके पर 493 खैर के मोछे बरामद हुए थे। अगले दिन वन विभाग व राजस्व विभाग ने बिना अनुमति खैर कटान वाली भूमि की निशानदेही करवाई जिसमें उक्त भूमि मलकियत पाई गई। छानबीन के दौरान ठेकेदार गलत पाया गया और एक फरवरी को इसकी रिपोर्ट डीएफओ के पास पहुंची। डीएफओ ने कार्रवाई करते हुए ठेकेदार व इस कड़ी से जुड़े अन्य लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिसका जवाब एक हफ्ते के भीतर देना होता है। इस संदर्भ में डीएफओ हमीरपुर प्रीति भंडारी का कहना है कि एसीएस हमीरपुर को अवैध खैर कटान वाली भूमि का निरीक्षण करने भेजा गया था। जिन्होंने तीन दिन पहले ही रिपोर्ट उन्हें सौंपी है। रिपोर्ट मिलते ही ठेकेदार व इस कड़ी से जुड़े लोगों को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। जिसका जवाब उन्हें एक हफ्ते के भीतर देना होगा। अगले तीन दिन बाद दोषियों के खिलाफ जांच की रिपोर्ट तैयार कर अंतिम फैसला सुनाया जाएगा।