हमीरपुर। श्रमिक कल्याण बोर्ड के तहत मजदूरों को मिलने वाली वाशिंग मशीनों को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल द्वारा आवंटित करने पर सीटू राज्य कमेटी के सदस्य भड़क गए हैं। सीटू ने पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के कामकाज में दखल की कड़ी निंदा की है।
सीटू राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा निर्माण मजदूरों को वाशिंग मशीनें व अन्य सामान वितरित किया गया। ये वस्तुएं मजदूरों को करीब एक वर्ष पूर्व कल्याण बोर्ड द्वारा आवंटित की गईं थी, परंतु विधानसभा चुनावों के कारण इनका आवंटन नहीं हो पाया था। सीटू राज्य कमेटी ने सवाल खड़ा किया है कि प्रो. धूमल न विधायक, न ही मंत्री और न ही कल्याण बोर्ड के कोई ओहदेदार हैं। वह किस हैसियत से कल्याण बोर्ड का सामान बांट रहे हैं। प्रदेश सरकर ने सभी श्रम कल्याण अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा आवंटित वाशिंग मशीनें, वित्तीय लाभ, इंडक्शन चूल्हों, साइकिल आदि का वितरण केवल श्रमिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी ही करेंगे। यदि कल्याण बोर्ड के कार्यों में इस तरह की अनाधिकृत राजनीतिक हस्तक्षेप जारी रहा तो सीटू के हजारों कार्यकर्ता श्रमिक कल्याण अधिकारियों व प्रदेश सचिवालय का घेराव करेंगे।