हमीरपुर। स्वास्थ्य विभाग टीबी प्रोग्राम के तहत टीबी के नए मामलों का पता लगाने के लिए 15 से 30 जनवरी तक एक विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिला के हर गांव में घर-घर जाकर संभावित टीबी के मरीजों की जांच करेंगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न टीमों का गठन कर लिया गया है। इन टीमों में आशा वर्कर्स और हेल्थ वर्कर्स शामिल रहेंगे। टीमें घर-घर जाकर मरीजों का सीबीनेट टेस्ट करेंगी। जिन लोगों को टीबी के पांच लक्षणों से दो लक्षण भी पाए जाएंगे, उन लोगों का टेस्ट विभाग की टीमों द्वारा लिया जाएगा।
इस टेस्ट द्वारा बलगम की जांच की जाएगी। सीबीनेट टेस्ट में बलगम के जरिए शुरूआती दौर की टीबी की बीमारी का पता चल जाएगा। टीमें यह टेस्ट कर प्रभावित लोगों को उपचार के लिए प्रेरित करेंगी और जिला क्षय रोग नियंत्रण कक्ष उन मरीजों का उपचार शुरू करेगा। शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सक अधिकारी डॉ. सावित्री कटवाल और डीटीओ डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि जिला को टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने यह विशेष अभियान शुरू किया है। जिसके तहत लोगों का घर-घर जाकर बलगम टेस्ट लिया जाएगा। उन्होंने लोगों को टीबी के लक्षण पाए जाने पर बलगम की जांच करवाने की सलाह दी है।