डिडवीं टिक्कर(हमीरपुर)। बाजार में कुछ एक व्यापारियों द्वारा नालियों के ऊपर अतिक्रमण करने से सड़क में यातायात बाधित हो रहा है। शाम के समय कुछ वाहन चालक सड़क किनारे गाड़िया पार्क कर देते हैं। इससे नेशनल हाईवे पर अकसर जाम की स्थिति बनी रहती है। बड़े वाहनों के निकासी नालियों में टायर चढ़ने से पानी की निकासी भी प्रभावित होती है।
शाम पांच बजे के बाद मुख्य बाजार में कोई भी पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं होता है, इससे समस्या और भी बढ़ जाती है। बाजार में दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण तथा सड़क किनारे गाड़ियां पार्क करने से यातायात पूरी तरह से बाधित हो रहा है। एनएच प्राधिकारिण के अधिशासी अभियंता एचएल शर्मा ने कहा कि कुनाह खड्ड तक डबललेन का कार्य संपन्न हो गया है। शीघ्र ही डिडवीं बाजार में सड़कों के ऊपर सेे अतिक्रमण को क्रमवार हटा दिया जाएगा। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से आग्रह किया है कि अपने आप सड़क की नालियों के ऊपर से अतिक्रमण हटा लें अन्यथा पुलिस की सहायता से अतिक्रमण को हटाया जाएगा।