हमीरपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में शिशु पालना केंद्र की स्थापना की गई है। यह शिशु पालना केंद्र अस्पताल के कमरा नंबर 306 में स्थापित किया गया है। इस केंद्र को खोलने का मुख्य उद्देश्य उन शिशुओं की देखभाल व पालन-पोषण करना है जो वैध, अवैध माता-पिता द्वारा त्याग दिए जाते हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि अस्पताल में खोले गए इस केंद्र में एक पालना रखा हुआ है। अभिभावक को केंद्र में रखे गए इस पालने में बच्चों को डालना होगा।
उसके साथ लगी घंटी के बटन को दबाना होगा। जो कमरा नंबर 302 में बजेगी। इसके बाद उस कमरे में बैठी नर्स को सूचना हो जाएगी कि कोई त्यागा हुआ बच्चा पालने में पहुंच चुका है। वह नर्स बच्चे को अपनी सुपुर्दगी में लेगी तथा उसे शिशु वार्ड में भर्ती करवा देगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद बच्चे को राज्य दत्तक ग्रहण एजेंसी के पास भेज दिया जाएगा तथा बच्चे को गोद लेने की प्रक्रिया नियमानुसार अमल में लाई जाएगी। उन्होंने आम लोगों से आग्रह किया है कि जब कभी ऐसा शिशु देखें या त्यागना चाहें तो उसे इस शिशु पालना केंद्र में पहुंचाना सुनिश्चित करें।