नए भवन में शिफ्ट होगा युवा सेवाएं एवं खेल विभाग का कार्यालय
डिग्री कॉलेज हमीरपुर के खेल मैदान के साथ बनाया गया है नया भवन
विभाग ने पुराने भवन की खस्ता हालत के चलते लिया निर्णय, खेल छात्रावास का भी हो रहा निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। जिला मुख्यालय स्थित युवा सेवाएं एवं खेल विभाग का कार्यालय अणु स्थित नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। इस भवन का निर्माण हाल ही में हुआ है। यह भवन हमीरपुर डिग्री कॉलेज के मैदान के नजदीक स्थित है। भवन के नजदीक ही मैदान उपलब्ध होने के कारण खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधा यहां पर मिलेगी।
इस नए भवन के नजदीक स्थित मैदान में सिंथेटिक ट्रैक भी है, जहां खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। यहां पर कई प्रकार की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। वहीं, इस नए भवन के साथ यहां पर एक खेल छात्रावास का भी निर्माण किया जा रहा है। इस खेल छात्रावास के बनने से खिलाड़ियों को आवास की सुविधा भी उपलब्ध हो जाएगी। वर्तमान में युवा सेवएं एवं खेल विभाग का कार्यालय हमीरपुर ब्वॉयज स्कूल के खेल मैदान में चल रहा है। इस भवन की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। भवन का प्लास्टर उखड़ रहा है और पाइपों से पानी की लीकेज होने के कारण यह भवन जर्जर होता जा रहा है। भवन की खराब दशा को देखते हुए ही विभाग ने कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।
उधर, जिला खेल अधिकारी सुदेश धीमान ने बताया कि पुराने भवन की बदहाली के चलते निर्णय लिया गया है कि कार्यालय को अणु स्थित नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। वर्तमान भवन से जल्द ही फर्नीचर इत्यादि नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा।