सुजानपुर (हमीरपुर)। कस्बे में मंगलवार को एक लावारिस बैल ने लोक निर्माण विभाग के बेलदार को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल बेलदार को विभाग के अन्य कर्मचारी सिविल अस्पताल सुजानपुर ले गए। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे लोक निर्माण विभाग सुजानपुर में तैनात बेलदार प्यार चंद (50) निवासी भलेठ ड्यूटी देने के लिए जैसे ही सुजानपुर बाजार पहुंचा तो उसी दौरान बीच बाजार में घूम रहे एक लावारिस बैल ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।
बैल की टक्कर से कर्मचारी सड़क पर गिर गया और उसे चोटें आईं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने इकट्ठा होकर बैल को वहां से खदेड़ा और घायल कर्मचारी को अन्य कर्मचारियों के सहयोग से सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया। जहां उसे प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। इससे पूर्व भी स्थानीय कस्बे में लावारिस पशुओं की टक्कर से कई लोग घायल हो चुके हैं। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग सुजानपुर के कनिष्ठ अभियंता संजय सोनी ने कहा कि कर्मचारी अब ठीक है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि सुजानपुर बाजार में घूम रहे लावारिस पशुओं से लोगों को राहत दिलाई जाए।