बिझड़ी (हमीरपुर)। राजकीय कन्या उच्च विद्यालय बिझड़ी में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इसमें सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पृथ्वी सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि का स्कूल पहुंचने पर मुख्याध्यापक यातिंद्र मल्होत्रा और स्कूल स्टाफ ने भव्य स्वागत किया। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मुख्याध्यापक ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। बच्चों ने बचपन बरगी मौज नी., रंगीलो म्हारो ढोलना..., नाटी सिरमौरे वाली...आदि पर प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। मुख्यातिथि ने कहा कि शिक्षा मनुष्य का सबसे बड़ा गुण है। इससे अच्छे और बुरे की पहचान होती है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि आने वाली वार्षिक परीक्षा में कड़ी मेहनत करें। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनने की सलाह दी। वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रही मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान ईश्वर दास, प्रधान पंचायत बिझड़ी मीना कुमारी, उपप्रधान ग्राम पंचायत बिझड़ी संजय शर्मा, कमेटी के सदस्य, अध्यापक प्रदीप शर्मा सहित बच्चों के अभिभावक और बच्चे मौजूद रहे।