जलाड़ी (हमीरपुर)। क्षेत्र में बढ़ रहे अवैध खनन को रोकने के लिए विभाग सक्रिय हो गया है। जिला खनन अधिकारी हरविंद्र सिंह और खनन निरीक्षक हरी सिंह ने गौना इलाके में अवैध खननकारियों पर दबिश दी। अधिकारियों ने 5 ट्रैक्टरों को खनन सामग्री के साथ पकड़ा और मौके पर कारवाई करते हुए उनके चालान किए। यह सभी चालान कोर्ट कार्रवाई के लिए प्रेषित किए गए हैं।
खनन विभाग की कार्रवाई का पता चलते ही कई ट्रैक्टर चालकों में हड़कंप मच गया और वह वाहनों को गुप्त रास्तों से भगाते देखे गए। खड्डों में अवैध खनन सामग्री से भरे ट्रैक्टर चालकों ने ट्रालियां खाली करके वहां से भगाईं। पिछले कुछ दिनों से अवैध खनन माफिया यहां सक्रिय है। खड्डों से सामग्री ढोने के साथ-साथ खनन माफिया अवैध रूप से खनन सामग्री भी स्टोर कर रहा है। अवैध खनन के कारण गलोड़ और नादौन क्षेत्र की खड्डों का संतुलन बिगड़ गया है। खड्डों के किनारे लोगों की निजी भूमि में भूमि कटाव की नौबत आ गई है। इस संबंध में जिला खनन अधिकारी हरविंद्र सिंह ने कहा कि अवैध खनन सामग्री के साथ 5 ट्रैक्टर पकड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी यह कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध खनन पर लगाम लगाई जाएगी।