बड़सर (हमीरपुर)। प्रदेश के उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने बड़सर उपमंडल की बणी में स्थित आईटीआई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां पाई गईं। जिस पर उद्योग मंत्री ने कड़ा संज्ञान लिया और प्रिंसिपल से जवाब मांगा। उन्होंने नए शुरू किए गए ट्रेडों में खरीदे गए सामान और उपकरण आदि के बिलों को दिखाने को कहा और इसकी जांच करने की बात कही है।
उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने बड़सर उपमंडल के चकमोह में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद आईटीआई बणी का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान में चलाए गए ट्रेडों की जानकारी जुटाई और संस्थान में प्रशिक्षुओं की दी जा रही सुविधाओं की जांच की। इस निरीक्षण के दौरान वर्कशॉप में सुविधाओं और उपकरणों की भी जांच की गई। संस्थान के प्रिंसिपल ने इलेक्ट्रिकल और पलंबर की दो वर्कशॉप निर्माणाधीन भवन में चलाए जाने की बात कही। निर्माणाधीन भवन की वर्कशॉप में बिजली तक नहीं पाई गई। इस औचक निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक शर्मा भी मौजूद रहे। उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर का कहना है कि आईटीआई बणी में निरीक्षण के दौरान कई खामियां पाई गई हैं। वर्कशॉप को निर्माणाधीन भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। लेकिन, इसमें बिजली व पंखे तक उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने प्रिंसिपल से इसका जवाब मांगा है।