हमीरपुर। अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई के बाद अब शिक्षा विभाग में अध्यापकों समेत सभी कर्मचारी समय के पाबंद हो गए। जिले के सरकारी स्कूलों में अब अध्यापकों सहित शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का हाजिरी कॉलम खाली रहने के मामले काफी कम हो गए हैं। शिक्षा विभाग के निरीक्षण विंग की ओर से कर्मचारियों पर कार्रवाई के बाद सुधार आया है। पिछले दो सालों में 31 अध्यापकों समेत शिक्षा विभाग के 56 कर्मचारियों को ड्यूटी से नदारद रहने पर चेतावनी जारी की गई है। चेतावनी के बाद अब अध्यापकों और कर्मचारियों में सुधार आया है। जिला हमीरपुर में 31 अध्यापकों समेत शिक्षा विभाग के 56 कर्मचारियों को स्कूल से नदारद रहने पर चेतावनी जारी की है।
इन कर्मचारियों को भविष्य में दोबारा ऐसा न करने को कहा गया है। पिछले दो सालों में विभिन्न सरकारी स्कूलों में ड्यूटी से 94 कर्मचारी नदारद रहे। जिसमें से 56 कर्मचारियों को चेतावनी, जबकि 36 कर्मचारियों को गलती सुधारने के लिए मौका दिया गया। वहीं, दो मामलों को उच्चाधिकारियों के पास भेजा गया है। इन कर्मचारियों में अध्यापक, पर्यवेक्षक और एलए आदि शामिल हैं। शिक्षा विभाग के निरीक्षण विंग ने पिछले दो सालों में स्कूलों में निरीक्षण कर कर्मचारियों पर यह कार्रवाई की है। वहीं अगर किसी स्कूल में कर्मचारी का कॉलम खाली रहता है तो उसमें अनुपस्थिति ही दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में शिक्षा विभाग के निरीक्षण विंग हमीरपुर के उपनिदेशक अजय पटियाल ने कहा कि निरीक्षण में ऐसे मामले बहुत कम आ रहे हैं।