सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर में दाखिला तिथि बढ़ाने के लिए सभी छात्र संगठनों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा है। एबीवीपी कैंपस प्रधान सुधांशु शर्मा, सचिव रिषभ जरियाल, निशा कश्यप, आशीष, सौरव, अपूर्वा, सहित एसएफआई के अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से नए सत्र में प्रवेश प्रक्रिया 30 जून तक निर्धारित की गई थी, जो अब पूरी हो चुकी है। अब विधिवत कक्षाएं लगना भी प्रारंभ हो चुकी हैं। निर्धारित तिथि के बावजूद छात्र-छात्राएं जो नए सत्र में प्रवेश लेना चाहते हैं, इस समयसारिणी में प्रवेश प्राप्त नहीं कर पाए हैं।
जो लगातार महाविद्यालय में पहुंचकर प्रवेश लेने के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय की ओर से अभी तक प्रवेश तारीख बढ़ाने को लेकर कोई फरमान जारी नहीं किया गया है। जिसके चलते दर्जनों छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। इसके लिए सभी छात्र संगठन प्रवेश तिथि को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इस विषय पर एक मांग पत्र सुजानपुर महाविद्यालय प्राचार्य डा. अनिल गौतम को सौंपा गया है। प्राचार्य का कहना है कि 30 जून तक प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो गई है। इसके बाद प्रवेश तिथि बढ़ाने को लेकर अभी तक कोई पत्र नहीं मिला है। छात्र संगठनों ने एक मांग पत्र उन्हें सौंपा है। जिसमें प्रवेश तिथि बढ़ाने को कहा है। छात्र संगठनों की इस मांग को विश्वविद्यालय तक पहुंचाया जाएगा।