हमीरपुर। उपमंडल बड़सर के तहत सलौणी, भोटा और बड़सर कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 55 ढाबों, फास्ट फूड, मिठाई और चिकन की दुकानों में दबिश देकर बिना लाइसेंस के चल रही दस दुकानों सहित कुल दो दर्जन दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें से करीब डेढ़ दर्जन दुकानों में सफाई व्यवस्था सही नहीं पाई गई। वहीं, दुकानदारों और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट भी नहीं थे। इस पर कार्रवाई करते हुए फूड एंड सेफ्टी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अरुण चौहान की टीम ने क्षेत्र में 55 खाद्य दुकानों में दबिश देकर कार्रवाई की है।
दो दर्जन दुकानदारों को नोटिस जारी कर उन्हें विभाग के कार्यालय में तलब किया गया है। यदि यह दुकानदार विभाग के कार्यालय नहीं आते हैं और निर्धारित समयावधि के दौरान सारी औपचारिकताएं पूरी नहीं करते हैं तो विभाग ऐसी दुकानों को बंद करवा देगा। वहीं, तीन चिकन की ऐसी दुकानें हैं जो बिल्कुल मानकों पर खरी नहीं उतरती हैं। जिन्हें विभाग हमेशा के लिए बंद करवाएगा। असिस्टेंट कमिश्नर फूड एंड सेफ्टी विभाग हमीरपुर अरुण चौहान ने कहा कि शुक्रवार को भोटा, बड़सर और सलौणी में फूड बिजनेस आपरेटर्स की 55 दुकानों का निरीक्षण किया गया। इनमें से दस के पास लाइसेंस नहीं थे। जबकि डेढ़ दर्जन दुकानों में सफाई और वर्कर्स के मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं पाए गए। नोटिस जारी कर उन्हें कार्यालय तलब किया गया है। तीन चिकन की दुकानें अति खराब थीं। जिन्हें हमेशा के लिए बंद करवाया जाएगा।