हमीरपुर। भारत की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की जिला कमेटी नेे बसों में आम जनता को पेश आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर उपायुक्त हमीरपुर से मुलाकात की। पार्टी के राज्य सचिव मंडल सदस्य डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, राज्य कमेटी सदस्य अनिल मनकोटिया ने कहा कि जिला भौगोलिक आधार पर छोटा है और आबादी का घनत्व जिले में प्रदेश के दूसरे जिलों से ज्यादा है। जिले में सैनिकों और पूर्व सैनिकों की संख्या भी ज्यादा है, जोकि कैंटीन, ईसीएचएस की सुविधा और अन्य कामों से जिला मुख्यालय आते रहते हैं। जिला मुख्यालय वास्तव में शिक्षा का बड़ा केंद्र बन चुका है। हजारों बच्चे अपने घरों से रोज स्कूल-कॉलेज और अन्य तकनीकी कोर्स प्रदान कर रहे संस्थानों में आते हैं। दूसरे जिलों के बच्चे भी काफी संख्या में हमीरपुर जिला मुख्यालय में पढ़ने आते हैं।
एक मेडिकल कॉलेज होने पर काफी संख्या में बीमार व्यक्ति आते हैं। प्रदेश सरकार की ओर से बसों में सवारियों की ओवरलोडिंग न करने संबंधी आदेश देने के बाद जिले में जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय से 10-15 किलोमीटर दूरी से आने वाले स्कूल- कॉलेज के छात्र-छात्राओं, मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इतनी दूरी वाले लोगों को बसों में नहीं बैठाया जा रहा है। पार्टी ने मांग की है कि इन रूटों पर यदि परिवहन निगम मुद्रिका बस चलाता है तो आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। मुद्रिका बस हमीरपुर से कुठेड़ा, हमीरपुर से भोटा, हमीरपुर से लंबलू, हमीरपुर से टौणीदेवी, हमीरपुर से गलोड़, हमीरपुर से रंगस आदि रूटों पर आनी-जानी चाहिए। इस मौके पर पार्टी की ओर से देई का नौन पंचायत प्रधान रंजन शर्मा, सीटू नेता सुरेश राठौर, सीटू नेता प्रताप सिंह राणा, ब्रह्मदास सहित अन्य मौजूद रहे।