हमीरपुर। जीत और हार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। मेहनत करने से सफलता और हार से कमियों को दूर करने की सीख मिलती है। इसलिए जीवन में हमेशा मेहनत करें, इससे अनुभव में भी वृद्धि होती है। यह उद्गार हमीरपुर थाना प्रभारी संजीव गौतम ने सुपर मैग्नेट कोचिंग संस्थान हमीरपुर में अमर उजाला के अपराजिता अभियान केे तहत आयोजित 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के दौरान कहे। उन्होंने कहा कि शिकायत न करने पर अपराधी के हौसले बुलंद होते हैं। अगर उसकी एक बार शिकायत कर कानूनी कार्रवाई करवा दी जाए तो उसके दोबारा अपराध करने की संभावना बिल्कुल कम रह जाती है। जबकि, शिकायत न करने पर वह अपराध को बेखौफ होकर बढ़ावा देता है।
एसएचओ ने उपस्थिति छात्राओं को महिला सशक्तीकरण, महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, बैंक ठगी, लाटरी, नशे के दुष्प्रभावों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त होना चाहिए। डॉक्टर, इंजीनियर बनने के लिए सभी छात्राएं खूब पढ़ाई करें, लेकिन अनावश्यक तनाव से दूर रहें। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 112 के बारे में विस्तार से बताया और छात्राओं से इस नंबर के तहत स्वयंसेवी बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं किसी भी शिकायत को दर्ज करवाते समय घबराएं नहीं और न ही शर्म करें। महिलाओं के लिए महिला थाने भी खुले हैं। जहां वह नि:संकोच शिकायत करवा सकती हैं। फेसबुक और व्हाट्सऐप समेत अन्य सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। इसके साथ ही न किसी को नशा करने दें और न खुद करें। इस मौके पर संस्थान के प्रबंधक शगुन दत्त शर्मा, वाटिका सूद और अमित कपिल ने एसएचओ का इस कार्यक्रम में आने पर आभार व्यक्त किया। एसएचओ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अमर उजाला का प्रयास सराहनीय : वाटिका
सुपर मैग्नेट कोचिंग संस्थान की प्रबंधक वाटिका सूद ने कहा कि अमर उजाला का अपराजिता अभियान महिला सशक्तीकरण की दिशा में सराहनीय प्रयास है। इस तरह के कार्यक्रम से जहां छात्राएं जागरूक होती हैं वहीं, उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है और वह अन्याय के खिलाफ बोलने को तैयार रहती हैं। उन्होंने अमर उजाला का आभार व्यक्त किया।
माता-पिता के साथ साझा करें बातें : कोमल
छात्रा कोमल ठाकुर ने कहा कि छात्राओं को अपनी बातें अपने माता-पिता के साथ साझा करनी चाहिए। अगर कोई भी अन्याय उनके साथ हो रहा हो तो माता-पिता को सूचना देने के बाद पुलिस में इसकी सूचना दें। कार्यक्रम में महिला सेफ्टी पर विभिन्न बातों का पता चला है।
अपराध को छुपाएं नहीं, जागरूक रहें : मोनिका
छात्रा मोनिका ने कहा कि किसी भी अपराध को छुपाना नहीं चाहिए और हर क्षेत्र में जागरूक रहना चाहिए। क्राइम की सूचना होने पर पुलिस को बताएं और माता-पिता के साथ हर बात साझा करें। सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से भी बचें।
बहुत अच्छा लगा अपराजिता अभियान : अलिशा
छात्रा अलिशा ठाकुर ने कहा कि अपराजिता अभियान कार्यक्रम बहुत अच्छा लगा। विभिन्न प्रकार की जानकारी कार्यक्रम में एसएचओ ने बेहतर तरीके से साझा की। हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी मिली है। आपातकालीन स्थिति में यह नंबर काम आएंगे। महिलाओं के अधिकारों की जानकारी मिली है।