हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर दुकानों के आवंटन में गड़बड़ी के मामले में फिर सुर्खियों में है। रेहड़ी धारक से 85 हजार रुपये एडवांस लेकर अब नगर परिषद उसे दुकान आवंटित करने में आनाकानी कर रही है। रेहड़ी धारक तिलक राज इस मामले की शिकायत उपायुक्त हमीरपुर, विजिलेंस और शहरी विकास विभाग के उच्चाधिकारियों से कर चुका है लेकिन, अभी तक कहीं से न्याय नहीं मिल पाया है। तिलक राज ने नगर परिषद हमीरपुर की ओर से एडवांस लेकर बनाई गई दुकानों के आवंटन की सूची को सूचना के अधिकार के तहत मांगा तो दुकानों के आवंटन को लेकर कई खुलासे हुए हैं।
नगर परिषद ने जवाब में कहा है कि नगर परिषद हमीरपुर की दुकान नंबर 39 में बैंक का एटीएम चल रहा है। लेकिन, हकीकत में यहां एक दुकानदार कारोबार कर रहा है। वहीं, आरटीआई से प्राप्त सूचना में कई ऐसे परिवार हैं, जिसके तीन-तीन सदस्यों को नगर परिषद ने दुकानें आवंटित की हैं। नियमों को ताक पर रखकर दुकानों का आवंटन चर्चा का विषय बन गया है। पूर्व में एडीएम हमीरपुर और एक हमीरपुर न्यायालय के आदेश पर नगर परिषद हमीरपुर के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में तीन मुकदमे दर्ज हुए थे। इन तीनों मामलों की अभी तक जांच चल रही है। लेकिन, अब आरटीआई से प्राप्त सूचना में एक और गड़बड़ी सामने आ गई है। उधर, नगर परिषद हमीरपुर के अधीक्षक बुद्धि सिंह ने कहा कि आरटीआई में दी गई सूचना की जांच की जाएगी। जिसके बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है। अभी नगर परिषद में ईओ का पद खाली चल रहा है।