अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। उपमंडल सुजानपुर के तहत ग्राम पंचायत चबूतरा में बिजली के अघोषित कट से लोग परेशान हैं। गुस्साए लोग बुधवार को अधिशाषी अभियंता बिजली बोर्ड कार्यालय हमीरपुर पहुंचे और रोष प्रकट किया। ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य बीना कपिल के माध्यम से एक्सईएन को ज्ञापन सौंपा और बिजली आपूर्ति को बहाल करने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों में अशोक कुमार शर्मा, सुरेश ठाकुर, बलदेव सिंह, सुरेश कुमार, नारायण सिंह, जैसी राम, गुरुदेव सिंह, ज्ञानी देवी, जगदीश चंद, अनिल कुमार, धर्म सिंह, अनूप कुमार, प्यार चंद और जगरुप चंद ने बताया कि कई बार उनके क्षेत्र में बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। गर्मी के मौसम में घर के भीतर समय बीताना मुश्किल हो रहा है। खासकर बीमार लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि 27 जून और 2 जुलाई को पूरी रात इलाके में बिजली आपूर्ति ठप रही। जब लोगों ने इस समस्या के बारे में बिजली बोर्ड के अधिकारियों से बात की तो उन्होंने स्टाफ की कमी का तर्क दिया। ग्रामीणों ने कहा कि अगर इस समस्या का शीघ्र समाधान न हुआ तो मजबूरन एक्सईएन और चीफ कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उधर, एक्सईएन केके भारद्वाज ने प्रतिनिधिमंडल को इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस बारे में संबंधित क्षेत्र के एसडीओ और जेई को भी विशेष निर्देश जारी कर दिए हैं।