गलोड़ (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के गलोड़ बाजार में सामूहिक रूप से भीख मांग रही महिलाओं को स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस चौकी गलोड़ पहुंचाया। महिलाओं ने चौकी प्रभारी से माफी मांग और भविष्य में भीख न मांगने का प्रण लेकर जान छुड़ाई। गलोड़ बाजार में 11 महिलाएं सामूहिक रूप से बाजार में भीख मांग रही थी। स्थानीय दुकानदारों आनंद उर्फ भल्लू, आदर्श कुमार, राज कुमार, सुनील कुमार आदि ने भीख मांग रही महिलाओं की तहकीकात की।
दुकानदारों ने जब महिलाओं को कहा कि इस तरह से भीख मांगना अपराध है तो महिलाएं तरह-तरह के बयान देने लगीं और खुद को राजस्थान का निवासी बताने लगीं। दुकानदारों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस चौकी प्रभारी गलोड़ विक्रम सिंह को दी। चौकी प्रभारी ने तुरंत मौके पर जाकर महिलाओं के बारे में छानबीन की। इसके बाद वह महिलाओं को पुलिस चौकी ले गए। इसमें आधा दर्जन विवाहित महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इन महिलाओं ने चौकी प्रभारी से माफी मांग कर जान छुड़ाई और भविष्य में भीख न मांगने का प्रण लिया।