जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के जाहू क्षेत्र में मंगलवार रात्रि से करीब 18 घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। जाहू क्षेत्र के गांव कंगूघटी, जाहू, हौड़ आदि में मंगलवार शाम एक बार गई बिजली 18 घंटे बाद ही बहाल हुई। इससे भीषण गर्मी में लोग बेहाल हो गए। 11 जून को बिजली बोर्ड ने लाइनों के रखरखाव के लिए क्षेत्र में दोपहर 2 बजे तक कट लगाया था। लेकिन, शाम को मरम्मत के बाद भी बिजली गुल हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि कट लगना तो रोज का काम है।
लोगों में जाहू पंचायत प्रधान राजू, हेत राम, सुनील, गरीब दास, सुरेंद्र, रत्न चंद, रमित, यशवंत, विनय, राजू, टेक चंद कौशल, संजीव, धर्म चंद, बलवीर शर्मा, संजय, अरुण कुमार, कर्म चंद, बलवीर, संजय, नीलम, अनूप, राजेश, सोनू, कमलू आदि ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति दुरुस्त की जाए और बिजली कट लगाने से पूर्व सूचना दी जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी बिजली कट लगाना हो तो समाचार पत्र के माध्यम से लोगों को अवगत करवाया जाता है, परंतु अब तो कट लगना आम बात हो गई है। जब भी बोर्ड के अधिकारियों या कर्मचारियों को पूछा जाता है तो बस एक ही जवाब मिलता है कि बरसात के कारण तकनीकी खराबी आ जाने से कई बार कट लग जाते हैं। रातभर बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को घर से बाहर बैठकर रात गुजारनी पड़ी और उनकी अगली दिनचर्या भी प्रभावित हुई। कट लगने से बाजारों में हजारों रुपये की आइसक्रीम और अन्य खाद्य पदार्थ खराब हो गए हैं। इस बारे में भरेड़ी बिजली उपमंडल के सहायक अभियंता नरेश कुमार कौशल का कहना है कि जाहू क्षेत्र में तकनीकी समस्या के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। क्षेत्र में बिजली सप्लाई अब ठीक है।
्