हमीरपुर। प्रदेश में स्वच्छता और खुले में शौच न करने का संदेश पेंटिंग्स, नारों या ड्राइंग के माध्यम से देने और इसमें अव्वल रहने वाली पंचायतें सरकार की ओर से सम्मानित की जाएंगी। खुला शौच मुक्त और स्वच्छ पंचायतें बनाने के लिए प्रदेश में सूचना, शिक्षा एवं संप्रेषण प्लान चलाया जा रहा है। इस प्लान के अंतर्गत पंचायत क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, सार्वजनिक भवनों या स्थानों की दीवारों पर पेंटिंग्स, नारा लेखन और स्वच्छता संदेश देती हुई अन्य कलाकृतियां बनाई जा सकती हैं। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों को सुनिश्चित करना होगा कि अपने पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता संदेश की बनाई हुई सुंदर और मनमोहक कलाकृतियों की तस्वीर स्वच्छ भारत मिशन की साइट पर अपलोड करनी होगी। इसके अलावा संबंधित बीडीओ ऑफिस में भी संपर्क कर सकते हैं।
पंचायतों की ओर से साइट पर कलाकृतियां अपलोड करने के बाद साइट पर से अव्वल बनी कलाकृतियों का चयन इनाम के लिए किया जाएगा। हालांकि, यह तय नहीं है कि इसमें कितनी पंचायतों या कलाकृतियों को इनाम दिया जाएगा। लेकिन, यह तय है कि इनाम जरूर दिया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत पंचायतें 31 जुलाई तक इसके लिए आवेदन भेज सकती हैं। खुला शौचमुक्त के लिए पंचायतें क्षेत्र में विभिन्न नारों और पेंटिंग्स के बोर्ड भी लगा सकती हैं। इस संबंध में परियोजना अधिकारी एवं उपनिदेशक डीआरडीए हमीरपुर कमलजीत सिंह कंवर का कहना है कि सूचना, शिक्षा एवं संप्रेषण योजना के तहत 31 जुलाई तक पंचायतें अपनी पेंटिंग्स या कलाकृतियों को साइट पर अपलोड कर इनाम के लिए आवेदन कर सकती हैं। समन्वय स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अनिल पटियाल ने कहा कि सबसे सुंदर और उचित संदेश देने वाली पंचायतों को इनाम दिए जाएंगे।