हमीरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग मट्टसिद्ध-कंदरौर पर गसोसी खड्ड पर बने डबललेन पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। इससे लोगों को पुराने पुल पर लगने वाले जाम से निजात मिली है। पुराना पुल वन-वे होने के चलते अकसर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मट्टनसिद्ध-कंदरौर एनएच पर निर्माणाधीन 11 पुलों में से एक पुल शुरू हो गया है। बाकी पुलों पर भी जल्द वाहनों की आवाजाही शुरू होगी।
40 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले मट्टनसिद्ध-कंदरौर एनएच पर 11 नए डबललेन पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इन 11 पुलों में से भिड़ा के पास गसोती खड्ड पर बने पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। वाहन अब पुराने पुल से न होकर नए पुल से गुजर रहे हैं। नए पुल के शुरू होने से समय की भी बचत हो रही है। वहीं पुराने पुल पर लगने वाले जाम से भी छुटकारा मिल गया है। पुराने पुल पर कई बार घंटों जाम लगा रहता था। हालांकि, अभी तक पुल के दोनों तरफ पक्का स्लैब डलना है। इसके बाद पुल का निर्माण कार्य पूर्ण होगा। इस संबंध में एनएच अधिशाषी अभियंता जगदीश कानूनगो ने कहा कि पुल के दोनों तरफ मिट्टी डालकर इसे सड़क से लिंक कर दिया गया है। इससे वाहन अब नए पुल से ही गुजर रहे हैं। बाकी पुलों का निर्माण कार्य भी चला हुआ है।