सचित्र...
बलेटा खुर्द में अग्निकांड से दो झुग्गियां राख
शार्ट सर्किट बताया जा रहा आग लगने का कारण
आग से झुग्गियों में रखा समान जला, गैस सिलेंडर फटे
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। ग्राम पंचायत सनाही के गांव बलेटा खुर्द में शुक्रवार को अग्निकांड में दो झुग्गियां जलकर राख हो गई हैं। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और साथ लगती अन्य झुग्गियों को आग की चपेट में आने से बचाया।
शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बैजनाथ चौधरी की दो झुग्गियों में अचानक आग लग गई। झुग्गियों से धुआं उठता देख स्थानीय ग्रामीण रतन चंद ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। वहीं परिवार सदस्यों को भी आग के बारे में जानकारी दी गई। स्थानीय लोग आग पर काबू पाने लगे, लेकिन आग ने एकाएक भयानक रूप धारण कर लिया। वहीं झुग्गियों के अंदर रखे तीन एलपीजी सिलेंडर भी इस आग की चपेट में आकर फट गए। इनमें एक बड़ा और दो छोटे सिलेंडर थे। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाकर तीन परिवारों की अन्य झुग्गियों को आग की चपेट में आने से बचाया। वहीं इन दो झुग्गियों में रखा सामान, राशन, कपड़े, बिजली उपकरण और अन्य चीजें जलकर राख हो गईं। जिला अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि दमकल टीम ने मौके पर जाकर करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।