दुष्कर्म पीड़ित बच्ची के कोर्ट में दर्ज कराए बयान
आरोपी को आज पेश किया जाएगा न्यायालय
अधेड़ व्यक्ति ने पांच साल की बच्ची से किया है दुष्कर्म
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत जिला मुख्यालय में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने पीड़ित बच्ची के आईपीसी की धारा 164 के तहत न्यायालय में बयान कलमबद्ध करवाए। बच्ची ने पुलिस थाना सदर में करवाई गई दुष्कर्म की शिकायत की तरह ही कोर्ट में भी वही बयान दिए। वहीं, आरोपी अधेड़ व्यक्ति को पुलिस शनिवार को न्यायालय में पेश करेगी। किराये के मकान में रहने वाले एक प्रवासी परिवार की पांच वर्षीय बच्ची के साथ स्थानीय निवासी एक व्यक्ति ने चार दिन पूर्व दुष्कर्म किया था।
वीरवार को बच्ची के पेटदर्द की शिकायत पर जब उसकी माता ने उससे पूछा तो बच्ची ने अपनी मां को पूरी बात बताई। उसके बाद पीड़ित की मां ने पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। हालांकि, देर रात तक पुलिस इस मामले को लेकर कार्रवाई करती रही और बच्ची का मेडिकल करवाया गया। वहीं, रात को बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस संबंध में डीएसपी हेडक्वार्टर हितेश लखनपाल का कहना है कि पीड़ित बच्ची के आईपीसी की धारा 164 के तहत कोर्ट में बयान दर्ज करवाए हैं। पीड़ित ने पुलिस में दिए बयान की तरह ही कोर्ट में बयान दिए हैं। आरोपी व्यक्ति को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।