हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में कंपनी के अधीन आउटसोर्स पर लगे सफाई कर्मचारी कंपनी की मनमर्जी और प्रताड़ना से तंग आकर हड़ताल पर बैठ गए हैं। एनआईटी से मोहाली ट्रांसफर करने के कंपनी के फरमानों से भड़के कर्मचारी दो दिनों से लगातार कंपनी और एनआईटी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इनका कहना है कि जब तक कंपनी और प्रबंधन उनकी मांगे नहीं मानते, वे भीषण गर्मी में हड़ताल पर बैठे रहेंगे। इस दौरान कर्मचारी तपती धूप में एडमिन ब्लॉक के बाहर धरने पर बैठे हैं। इससे कर्मचारियों के बीमार होने का खतरा भी बना हुआ है।
कर्मचारियों की मांगें है कि उन्हें एनआईटी से बाहर कहीं भी ट्रांसफर न किया जाए। समय पर वेतन वृद्धि दी जाए, नई कंपनी के टेंडर होने के बाद पिछला बोनस दिया जाए, कर्मचारियों के कोआर्डिनेटर, साइट इंचार्ज और सुपरवाइजर को बदला जाए। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी की प्रताड़ना के कारण बीते साल एक कर्मचारी की मौत हो गई है। एक अस्पताल में है जबकि, एक नौकरी छोड़ कर चला गया है। कर्मचारियों को सही से खाना भी नहीं खाने दिया जाता। कर्मचारियों का कहना है कि उनसे उनके काम के अलावा भी कई अन्य काम करवाए जा रहे हैं। इस हड़ताल में नरेश कुमार, राकेश कुमार, पवन कुमार, सुरजीत कुमार, बलवीर सिंह, संजीव कुमार, चंचल, सुमना देवी, कौशल्या देवी, शकुंतला देवी, मीरा देवी, सुनील, पूनम, सुरेश सहित 90 से ज्यादा कर्मचारी मौजूद रहे।