सुजानपुर (हमीरपुर)। उपायुक्त कांगड़ा के प्रयासों से सुजानपुर ब्यास पुल पर लोहे की रेलिंग लगाने का काम शुरू हो गया है। रेलिंग लगने से यहां पर छलांग लगाकर आत्महत्या करने की घटनाओं में कमी आएगी वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर भी लोगों को राहत मिलेगी। सुजानपुर ब्यास पुल का अधिकतर हिस्सा जिला कांगड़ा में आता है। जबकि, कुछ हिस्सा हमीरपुर जिले में है, लेकिन उपायुक्त कांगड़ा ने इस ब्यास पुल पर भी रेलिंग लगाने का कार्य शुरू करवाकर बेहतरीन कार्य किया है।
ब्यास नदी में इस प्वाइंट से दर्जनों लोग छलांग लगाकर मौत को गले लगा चुके हैं। इन वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अब पुल पर रेलिंग लगवाई जा रही है। रेलिंग लगाने के लिए करीब 18 लाख का बजट है। रेलिंग लगाने के लिए विशेष रूप से औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र शाहपुर से विशेष टीम यहां पर पहुंची। सुजानपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, कपड़ा एसोसिएशन के प्रधान विनोद मेहरा, प्रदेश व्यापार मंडल राज्य कार्यकारिणी सदस्य विनोद ठाकुर आदि ने उपायुक्त कांगड़ा के इस प्रयास की प्रशंसा की है। उधर, उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर सुजानपुर ब्यास पुल पर लोहे की रेलिंग लगाई जा रही है ताकि, अप्रिय घटनाओं पर अंकुश लग सके।