हमीरपुर। लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई। जिला हमीरपुर के तीनों न्यायिक परिसरों हमीरपुर, नादौन और बड़सर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में साढ़े चार हजार से ज्यादा मामलों की सुनवाई हुई। इसमें से करीब 1500 मामलों की तुरंत निपटारा किया गया।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव अनीष कुमार ने बताया कि हमीरपुर, नादौन और बड़सर में आयोजित लोक अदालतों में कुल 4603 केसों की सुनवाई की गई। इनमें से 1518 केसों का तुरंत निपटारा भी कर दिया गया। इन केसों में कुल 1,49,12,428 रुपये की राशि वसूल की गई। उन्होंने कहा कि प्री-लिटिगेशन के 800 केसों में से 213 का निपटारा कर दिया गया। इनमें 18,98,063 रुपये की राशि वसूली गई।
पोस्ट-लिटिगेशन के 959 केसों की सुनवाई हुई। इनमें से 543 का निपटारा किया गया और इनमें 1,21,48,915 रुपये की वसूली की गई। मोटर वाहन अधिनियम के कुल 2,844 केसों में से 762 केस निपटाए गए और इनमें 8,65,450 रुपये वसूले गए।