भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की खरवाड़ पंचायत के धमरोला गांव में मादा तेंदुआ और उसके दो शावकों के दिखने से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि खरवाड़ पंचायत के आसपास के गांवों के इर्द-गिर्द तीन तेंदुए घूमते नजर आ रहे हैं। इससे पूर्व भोरंज क्षेत्र में तेंदुए दो लोगों सहित आधा दर्जन पशुओं पर हमला कर चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही गांव के नजदीक तेंदुआ दहाड़ने लगता है। दिन के समय भी तेंदुआ इन गांवों में दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मादा तेंदुआ और उसके दो शावक घूम रहे हैं। इससे पहले भी भोरंज में तेंदुआ दो लोगों को घायल कर चुका है। कुछ महीने पहले भी लोगों ने तेंदुए को उनके दो बच्चों सहित इलाके में देखा था।
मादा तेंदुआ अपने शावकों की रक्षा में और भी खतरनाक हो जाता है। अब तेंदुए ने पालतू पशुओं को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार देर शाम गांव में एक पालतू कुत्ते को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। लोगों का कहना है कि शाम के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। अब उनको अंधेरे में जाने से डर लग रहा है और खेत-खलिहानों में भी अकेले जाने से तेंदुए का खौफ बना हुआ है। बच्चों को भी स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है। तेंदुआ अब आदमखोर बनता जा रहा है और घात लगाकर पीछे से हमला कर रहा है। ग्रामीणों में राजेंद्र, विपन, अशोक, विनोद, रणजीत, अनिल, लक्की, सतीश, रिंकूं, विवेक, संजू, पिंकू इत्यादि ने क्षेत्र में शीघ्र पिंजरे लगाने की मांग की है। ग्राम पंचायत खरवाड़ के प्रधान मदन कौशल ने वन विभाग से मांग की है और क्षेत्र में शीघ्र पिंजरे लगाए जाएं नहीं तो बड़ी अनहोनी भी घट सकती है। उधर, वन खंड अधिकारी भरेड़ी बीट जगत राम का कहना है की वन विभाग के कर्मचारी इलाके में पूरी तरह मुस्तैद हैं। यदि आवश्यक हुआ तो क्षेत्र में पिंजरे लगवा दिए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को भी हिदायत दी है कि वे सावधानी बरतें व रात के समय जंगल से होकर सफर न करें।
----