हमीरपुर। ग्रामीण विकास को लेकर जिले के समस्त विकास खंड अधिकारियों के साथ अतिरिक्त उपायुक्त रतन गौतम की अध्यक्षता में बुधवार को उनके चैंबर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। एडीसी ने जिले के सभी विकास खंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पंचायतों तथा विकास खंड में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान कर संबंधित मदों में स्वीकृत धनराशि को शीघ्र व्यय करना सुनिश्चित करें। बैठक में मनरेगा को लेकर नॉन पेमेंट के मामलों पर भी चर्चा की गई।
ऐसे मामलों को बैंकों के साथ तालमेल कर प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए ताकि, प्रत्येक मनरेगा मजदूर का पैसा समय पर उसके खाते में जमा हो तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सभी विकास खंड अधिकारियों को ये भी निर्देश दिए कि वह पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित रूप से मॉनीटरिंग करें तथा सॉक पिट बनाने के लिए जो 2015-16 तथा 2016-17 के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे इस वित्त वर्ष के अंत तक सौ फीसदी पूरा करना सुनिश्चित बनाएं। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डीआरडीए डॉ. सुनील चंदेल के अतिरिक्त जिले के समस्त विकास खंड अधिकारी भी उपस्थित रहे।