हमीरपुर। सैनिक कल्याण विभाग सूबे के पूर्व सैनिकों को विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए पत्रिकाएं बांटेगा। विभाग ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी सहित तीन पत्रिकाएं प्रकाशित की हैं। इनमें शूरवीर हितैषी, मार्गदर्शिका और विवरणिका पत्रिकाओं का विमोचन किया है। इन पत्रिकाओं में विभागीय योजनाओं, इनका लाभ लेने के लिए विभिन्न पूर्व सैनिक परिवारों की पात्रता और अन्य जानकारियां उपलब्ध हैं। इसके साथ ही विभाग ने अपनी वेबसाइट को भी अपडेट किया है। पूर्व सैनिक विभाग की वेबसाइट खोलकर इन पत्रिकाओं को पढ़कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जानकारी के अभाव में प्रदेश के हजारों पूर्व सैनिक विभाग की कई योजनाओं से वंचित रह रहे हैं। हालांकि, विभाग ने कई प्रकार से अपनी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया है लेकिन, अधिकतर पूर्व सैनिक विभाग के कार्यालय और अन्य कार्यक्रमों में न जाकर योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित रह जाते हैं। विभाग के कार्यक्रमों में न जाकर लोगों को नई विभागीय योजनाओं का पता नहीं चल पाता है। इसलिए विभाग अब पूर्व सैनिकों को अपनी योजनाओं वाली पत्रिकाएं वितरित करेगा। सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर एसके वर्मा का कहना है कि कई पूर्व सैनिक जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह रहे हैं। इसलिए विभाग ने अपनी वेबसाइट को भी अपडेट कर दिया है। वहीं, पूर्व सैनिकों को विभागीय पत्रिकाएं वितरित कर योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी ताकि, समय पर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।